राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और मतदान एक ऐसा अधिकार है जो छोटे को बड़ा और बड़े को छोटा बनाने की ताकत रखता है। उन्होंने लोगों से बिना किसी लालच और भय के मतदान में भाग लेने का आह्वान किया।

2 Min Read
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और मतदान एक ऐसा अधिकार है जो छोटे को बड़ा और बड़े को छोटा बनाने की ताकत रखता है। उन्होंने लोगों से बिना किसी लालच और भय के मतदान में भाग लेने का आह्वान किया।

राज्यपाल शनिवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर लोगों को निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की शपथ दिलाई और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।

समारोह के दौरान, मतदान जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 अधिकारियों को राज्यपाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही, उन्होंने नई युवा पीढ़ी को मतदाता सूची में नाम जोड़ने और मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने इस मौके पर मतदान जागरूकता पर आधारित पेंटिंग्स और कलाकृतियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। समारोह में आदिवासी कलाकारों ने “वोट तुम डारो रसिया, लोकतंत्र की सुनो पुकार” पर नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त राजीव कुमार का संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने बताया कि भारत जल्द ही 100 करोड़ मतदाताओं वाला देश बन जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को मतदान में भाग लेने की अपील की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मधुकर गुप्ता ने मतदाता दिवस को उत्सव की तरह मनाने का आह्वान किया, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने राजस्थान में मतदान से जुड़े नवाचारों और मतदाता दिवस के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला।

समारोह के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर डॉ. जितेंद्र सोनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

TAGGED:
Share This Article
Exit mobile version