जयपुर के गणतंत्र दिवस के समारोह में जालोर के 5 लोक नर्तकों का होगा सम्मान। ये लोक नर्तक कलाकार राज्य स्तरीय पर अपनी कला का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस टीम में ऐश्वर्या भटनागर, आस्था तिवारी, भाग्यश्री सोनी, कीर्ति सुथार व पिया एवं प्रशिक्षक शैलजा माथुर होंगे।

26 जनवरी गणतंत्र दिवस शिक्षा संकुल के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभाग शासन सचिव द्वारा पुरूस्कार दिया जाएगा। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय शिवाजी नगर जालोर की इन छात्रों ने भारत सरकार द्वारा 1 से 7 जनवरी तक भोपाल के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, एनसीईआरटी में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय कला उत्सव 2024-25 में अपने हुनर का प्रदर्शन कर राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए राजस्थानी लोक संस्कृति को राष्ट्रीय पटल पर जीवंत करने का प्रयास किया था।
जालोर जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने खुशी व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। गौरतलब है कि पूर्व में प्रशिक्षक शैलजा माथुर के निर्देशन में जालोर जिले के दल ने 2 बार लेटा, 1 बार बागरा एवं 2 बार जालोर के विद्यार्थियों के दल सहित कुल 5 बार राष्ट्रीय स्तर पर अपना प्रदर्शन कर जालोर जिले का नाम गौरवान्वित किया।
